बिजली विभाग में चोरी की दर्ज हुई शिकायतों की करीब तीन सौ फाइलें चोरी हो गई हैं। वहीं, इनकी संख्या छह सौ तक बढ़ सकती है। मामला सामने आने पर अधीक्षण अभियंता दीपक अग्रवाल ने दो अधिशासी अधिकारियों की कमेटी बनाकर जांच शुरू करा दी है। माना जा रहा है कि फाइलें नहीं मिलीं तो जिम्मेदार खंड के अधिकारियों पर गाज गिर सकती है।
दरअसल, अधीक्षण अभियंता कुछ दिन पहले उपखंड कार्यालयों पर जांच करने पहुंचे थे। उन्होंने बिजली चोरी में दर्ज मुकदमे और असेसमेंट की फाइलों की जांच की। सामने आया कि कई जगहों पर बिजली चोरी की फाइलें गायब हैं। तब उन्होंने खंड कार्यालय पंचम और षष्टम से ऐसी सभी फाइलें मांग लीं, लेकिन पूरी फाइलें उनके पास नहीं पहुंची। उन्होंने खंड कार्यालय तृतीय से फाइलों को तलब किया है। ये अभियान के दौरान चोरी से बिजली का उपयोग करने या फिर कम लोड पर अधिक बिजली का इस्तेमाल करने मामलों की फाइलें हैं। अधीक्षण अभियंता दीपक अग्रवाल ने कहा कि खंड कार्यालयों से फाइलें मंगाई जा रही हैं। जांच शुरू करा दी गई है। जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।