मिर्जापुर। लोकसभा चुनाव में मिर्जापुर संसदीय सीट के लिए नामांकन की प्रक्रिया सात मई से शुरू होगी। नामांकन की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के बाबत मंगलवार को अपर जिलाधिकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर, नामांकन स्थल, रमई पट्टी तिराहा तथा अस्पताल रोड तिराहा तक भ्रमण कर तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया। इस दौरान बैरिकेडिंग कराने के अलावा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पुलिस फोर्स लगाने पर भी चर्चा की गई। निरीक्षण के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बैरिकेडिंग का काम समय रहते पूरा कराने का निर्देश दिया गया। जिले में नामांकन की प्रक्रिया सात मई से शुरू होकर 14 मई तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 15 मई तथा नाम वापसी के लिए अंतिम तिथि 17 मई निर्धारित की गई है। मतदान एक जून तथा मतगणना चार जून को होगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर आसाराम वर्मा, डिप्टी एसडीएम भरत लाल सरोज, जिला कमांडेंड होमगार्ड बीके सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर मनोज गुप्ता, क्षेत्राधिकारी सदर मंजरी राव आदि मौजूद रहे।