महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर में यूजी द्वितीय, तृतीय वर्ष, पीजी, शोध करने वाले विद्यार्थियों को कमरा आवंटन की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। अब नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उनके घर से विश्वविद्यालय की दूरी के आधार पर कमरा आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। परिसर में जेके महिला छात्रावास, आचार्य नरेंद्र देव और लालबहादुर शास्त्री छात्रावास को मिलाकर 650 से अधिक सीट हैं। इसमें नियमानुसार पुराने (द्वितीय, तृतीय वर्ष) के छात्रों को कमरा आवंटित किया जा चुका है। छात्रावास के मुख्य वार्डन प्रो. तेज बहादुर सिंह का कहना है कि छात्रावास के लिए काउंसिलिंग, शुल्क जमा करने के बाद नियमानुसार छात्र अपने कमरे का आवंटन करा रहे हैं। अभी भी जो छात्र अपने कमरे का आवंटन नहीं करा पाए हैं, उनके पास 20 जनवरी की दोपहर 12 से 3 बजे तक तक का मौका है। मुख्य वार्डन कार्यालय में ऐसे छात्राें को आवेदन करना होगा।
बढ़ी सतर्कता, सीसी कैमरे से निगरानी
विवि परिसर में पिछले दिनों असलहा लहराने की घटना में शामिल एक छात्र के आचार्य नरेंद्र देव छात्रावास में रहने की चर्चा सामने आई थी। इसे देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुख्य वार्डन ने बताया कि कमरा आवंटन के बाद छात्रों का नए सिरे से रिकाॅर्ड तैयार करवाया जा रहा है, साथ ही छात्रावास परिसर में आने-जाने वालों की सीसी कैमरे से निगरानी की जा रही है।