वाराणसी कमिश्नरेट में जल्द ही एक और नया थाना जुड़ने वाला है। वरुणा जोन के कैंट और शिवपुर थाने के कुछ हिस्सों को काटकर इसे बनाया जाएगा। इस थाने का नाम राजर्षि रखा जाएगा। यह प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अर्दली बाजार, गिलट बाजार और चांदमारी चौकी क्षेत्र इसमें शामिल किया जाना है।
राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने राजर्षि नाम का प्रस्ताव कमिश्नरेट पुलिस को दिया था। यह थाना चांदमारी क्षेत्र के ग्राम सभा की जमीन पर बनेगा। इसमें थाने के भवन में मालखाना, बैरक व ऑफिस, रिकॉर्ड रूम भी रहेगा। पिछले साल दिसंबर में ही नए थाने का नाम और जगह कमिश्नरेट पुलिस ने गृह विभाग और मुख्यालय को भेजा था। इसकी मंजूरी का इंतजार किया जा रहा था।
20वां थाना होगा कमिश्नरेट में
कमिश्नरेट में पर्यटक थाने को लेकर कुल 20 थाने कमिश्नरेट पुलिस में संचालित है। पिछले साल ही चितईपुर थाना शुरू हुआ। जबकि बजरडीहा और रोडवेज के लिए भी कागजी कार्यवाही चल रही है। अपर पुलिस आयुक्त अपराध व मुख्यालय सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि जल्द ही जगह चिह्नित किया जाएगा।