ललिता घाट पर स्थित भगवान पशुपति नाथ का मंदिर।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी दौरे पर आए नेपाली प्रतिनिधिमंडल ने ललिता घाट स्थित नेपाली मंदिर का भी जायजा लिया था। प्रतिनिधिमंडल ने माना कि काशी में नेपाली संस्कृति अपने मूल स्वरूप में संरक्षित है। सरकार मंदिर को भव्य स्वरूप दे रही है। पिछले सप्ताह आए नेपाली सांसदों ने काशी विश्वनाथ धाम और नेपाली मंदिर (पशुपतिनाथ मंदिर) देखा।
काशी आने से पहले दल ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात कर नेपाली मंदिर का मुद्दा उठाया था। सीएम ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि नेपाली मंदिर हमारी काशी व काठमांडू की साझा संस्कृति का जीवंत प्रमाण है।
सांसदों के दल ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ व काशी हिंदू विश्वविद्यालय में शिक्षा, चिकित्सा, संस्कृति के आदान प्रदान की संभावनाओं पर चर्चा की थी। प्रतिनिधिमंडल में नेपाली कांग्रेस पार्टी के सह महासचिव व पूर्व विदेश मंत्री प्रकाश शरण महत, पूर्व वित्त मंत्री उदय शमशेर जेबी राणा व सांसद एवं नेपाल के पूर्व मंत्री अजय कुमार चौरसिया शामिल रहे।