एनसीईआरटी नई दिल्ली की टीम ने बुधवार को विकास खंड क्षेत्र के तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) की जानकारी ली। नई शिक्षा नीति के अनुपालन के निरीक्षण के लिए सेवापुरी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नहवानीपुर, रामेश्वर प्रथम और रामेश्वर द्वितीय का निरीक्षण किया। टीम ने कक्षा एक, दो के शिक्षकों, पांच-पांच अभिभावकों और प्रधानाध्यापक से बात की। टीम ने राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रुपरेखा, एफएलएन प्रशिक्षण का धरातल पर अनुप्रयोग, शिक्षक और अभिभावकों के बीच आत्मीय संबंध, शिक्षक संदर्शिका, कार्यपुस्तिका का बेहतर उपयोग, आईसीटी प्रयोग आदि पर जानकारी ली। टीम ने शिक्षकों के कार्यों की सराहना की गई तथा और बेहतर करने का सुझाव दिया गया। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने टीम का आभार व्यक्त किया। कहा कि भविष्य में विद्यालयों का प्रदर्शन और बेहतर होगा।