सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शहर के सिनेमाघरों में अगले गुरुवार से फिल्म शुरू होने से पहले राष्ट्रगान बजेगा। राष्ट्रगान शुरू होने पर लोग अपनी-अपनी जगह पर खड़े होंगे। इसके बाद फिल्म शुरू होगी। देश के कई अन्य शहरों में यह कवायद शुरू हो गई है। मनोरंजन कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सीके पांडेय ने बताया कि मुंबई से सेटेलाइट के जरिए सिनेमाघरों को लिंक भेजा जाना है। यह अभी प्रक्रिया में है। उम्मीद है कि गुरुवार तक काम पूरा हो जाएगा और फिल्म शुरू होने से पूर्व राष्ट्रगान बजेगा। केंद्र सरकार ने पिछले सप्ताह देश के सभी सिनेमाघरों में फिल्म शुरू होने से पूर्व राष्ट्रगान बजाना अनिवार्य कर दिया था। इसे लेकर विभागीय दिशा निर्देश जारी किए गए थे। सभी प्रदेशों को इसका अनुपालन कराना था। वाराणसी में आईजी मॉल सिगरा, आईजी मॉल भेलूपुर, जेएचवी मॉल, पीडीआर मॉल और केसीएम में फिल्में चलती हैं।