संत श्री कच्चा बाबा स्पोर्टिंग क्लब जाल्हुपुर की ओर से खेली जा रही ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को नारायनपुर ने गाजीपुर को हरा दिया। गाजीपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन यह उन्हीं की टीम पर भारी पड़ गया। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। नारायनपुर के गेंदबाज रानू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लेकर गाजीपुर के बल्लेबाजी क्रम को ही तोड़ दिया। गाजीपुर की पूरी टीम निर्धारित ओवरों में 76 रनों पर ही सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नारायनपुर की टीम ने संतुलित और आक्रामक बल्लेबाजी की। टीम ने दो ओवर शेष रहते चार विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।