31 मार्च तक गृहकर जमा नहीं वाले भवन स्वामियों को एक अप्रैल से 12 प्रतिशत ब्याज देना पड़ेगा। चालू वित्तीय वर्ष खत्म होने में मात्र तीन दिन बचे हैं। नगर निगम लोगों को गृहकर जमा करने पर जोर दे रहा है।
नगर में भवन स्वामियों की संख्या 2.20 लाख है। इनमें से अब तक 148695 भवन स्वामियों ने 61.37 करोड़ रुपये जमा किए हैं। इस बार गृहकर वसूली का लक्ष्य 84 करोड़ रुपये रखा गया है। अब भी 71305 भवन स्वामियों ने अपना गृहकर जमा नहीं किया है। इन भवन स्वामियों के पास मात्र तीन दिन का मौका है। इसके बाद गृहकर जमा करने पर 12 प्रतिशत ब्याज भी देना पड़ेगा।
नगर निगम ने पिछले वित्तीय वर्ष में 56 करोड़ रुपये की वसूली की थी। इस बार बीते वर्ष की अपेक्षा रिकाॅर्ड वसूली हुई है, लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल है। वसूली बढ़ाने के लिए 31 तक पड़ने वाली छुटि्टयों में भी नगर निगम के टैक्स कलेक्शन सेंटर खुले रहेंगे। इसके अलावा ऑनलाइन गृहकर जमा करने की सुविधा दी गई है। अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि 31 मार्च तक गृहकर जमा करें। एक अप्रैल से पुराने बिल पर 12 प्रतिशत ब्याज भी देना पड़ेगा। इसमें किसी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी।