संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। नगर निगम ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस लाइन तिराहे से मकबूल आलम रोड होते हुए चौकाघाट तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। मुख्य मार्ग से सभी अवैध ठेला-गुमटी वेंडरों को हटवाया गया। जिन दुकानों के आगे अवैध टिन शेड, होर्डिंग लगाए गए थे, सभी को शाम तक हटाने का समय दिया गया। वहीं, वरुणा पार जोन चौकाघाट से पुलिस लाइन चौराहे, तेलियाबाग, बादशाह बाग, फातमान रोड तक बेतरतीब ढंग से लगाए गए तार, केबल को कटवाया गया। इसी तरह प्रभारी अधीक्षक लाइसेंस अनुपम त्रिपाठी और उनकी टीम ने राजा बाजार और नदेसर क्षेत्रों में शराब ठेकेदारों से अभियान चलाते हुए एक लाख 56 हजार रुपये लाइसेंस शुल्क वसूल किया। कर अधीक्षक वरुणा पार चंद्रशेखर सिंह एवं उनकी टीम के साथ मिलकर पहड़िया व सारनाथ क्षेत्रों में गृहकर बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान एक लाख 74 हजार रुपये गृहकर वसूल किया गया।