कृष्णानंद राय के भतीजे आनंद राय ने कोर्ट को अपने और पूरे परिवार की तरफ से धन्यवाद दिया। साथ ही सीएम योगी का भी आभार जताया। कहा कि आज उनकी ही जीरो टॉलरेंस की नीति ने उत्तर प्रदेश को भयमुक्त बनाया है।अब गुंडे माफिया का सफाया हो रहा है। दूसरी सरकारों में बदमाश आतातियों के रूप में काम करते थे। धन उगाही करते थे अब उनका सफाया हो रहा है। ये वो जेल में हैं या आसमान में हैं। यूपी में माफिया राज खत्म होने वाला है।
पूर्व भाजपा विधायक कृष्णानंद राय के पुत्र पीयूष राय
- फोटो : अमर उजाला
दिवंगत विधायक कृष्णानंद राय के बेटे पीयूष ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमारे पिता की 18 साल पहले हत्या हुई थी लेकिन मुख्तार अंसारी के खिलाफ हमारा संघर्ष 28 वर्षों का है। उन्होंने कहा कि आज का फैसला मेरी मां के लिए बहुत बड़ा दिन है। मेरी मां ने उनके खिलाफ लड़ाई लड़ते-लड़ते अपने जीवन के 30 साल गंवा दिए।
पीयूष ने कहा कि जब हमारे पिता की हत्या हुई तब उनकी शिखा भी काटी गई थी। वह एक समाज की शिखा काटी गई थी। आज उस शिखा का मान न्यायपालिका ने बढ़ाया है। उन्होंने सीएम योगी के लिए कहा कि उन्होंने ऐसे माफिया के खिलाफ जो इच्छाशक्ति दिखाई है, वह अगर पहले किसी ने दिखाई होती तो आज ऐसे दिन नहीं देखने पड़ते।