वाराणसी। मछलीशहर की सांसद और हवाईअड्डा सलाहकार समिति की अध्यक्ष प्रिया सरोज ने भी एयरपोर्ट को रेलमार्ग से जोड़ने का प्रस्ताव रेल मंत्री को भेजा है। इसके लिए उन्होंने पत्र लिखा है, जिसमें लोकल ट्रेन चलाने का भी जिक्र है। सांसद प्रिया सरोज ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को पत्र लिखकर बाबतपुर स्टेशन से कैंट के बीच चार कोच की शटल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया है। प्रिया सरोज ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री से भी इस विषय पर चर्चा की है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से वाराणसी शहर का एकमात्र प्रवेश मार्ग है, जिस पर अक्सर जाम की समस्या रहती है। वाराणसी में पर्यटकों और यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वैकल्पिक मार्ग और रेल सुविधा से विमान यात्रियों को जोड़ने से काफी सहूलियत होगी। ब्यूरो