रेलवे के मंडल चिकित्सालय के ऑपरेशन थियेटर में शुक्रवार को आधुनिक फेको मशीन और ओटी लाइट की सुविधा शुरू की गई। डीआरएम आशीष जैन की मौजूदगी में नर्सिंग अधीक्षक नेली मिंज और मेरी राजन जाॅर्ज ने फीता काटकर उपकरणों का लोकार्पण किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरजे चौधुरी ने बताया कि मंडल चिकित्सालय में एक बेहद कॉम्पैक्ट, हल्की और पोर्टेबल मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) व ग्लूकोमा सर्जरी की मशीन स्थापित की गई। यह आधुनिक और कॉम्पैक्ट फेको मशीन है, जिसे मोतियाबिंद की सर्जरी के दौरान सर्जन को बेहतर नियंत्रण, सटीकता और सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डिजाइन किया गया है। मशीन में इजीफैको टेक्नोलॉजी है, जो लेंस के टुकड़ों को फेको टिप की ओर आसानी से लाने और उन्हें नियंत्रित रखने में सहायता करती है। डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुसूदन विश्वकर्मा समेत मंडल चिकित्सालय के कर्मचारी मौजूद रहे।