वाराणसी। देश भर में अस्पतालों में लग रही आग की घटनाओं को देख बीएचयू ट्रामा सेंटर में आग से बचाव के लिए मॉक ड्रिल किया गया। अग्निशमन यंत्र से कम से कम समय में आग बुझाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने तत्काल आग पर काबू पा लिया। सोमवार शाम करीब पांच बजे पूर्वाभ्यास किया गया। बीएचयू अस्पताल के एमएस प्रो. केके गुप्ता ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में 310 और ट्रामा सेंटर में 95 बेड पर कोविड-19 मरीजों का इलाज किया जा रहा है। पिछले 1 सप्ताह में लगभग 140 से अधिक मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे हैं जबकि 250 नए मरीज भर्ती हुए। ट्रामा सेंटर के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि इलाज के साथ ही अस्पताल संचालन के लिए जरूरी उपकरणों की भी समय-समय पर जांच कराई जा रही है। ताकि जरूरत पड़ने पर सही तरीके से इस्तेमाल कराया जा सके। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में आग से बचाव के लिए मॉक ड्रिल किया गया।