पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के मीराशाह मेले में बृहस्पतिवार शाम भीड़ के बीच तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाना चालक को भारी पड़ गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कार को रोककर चालक से पूछताछ की। आरोप है कि चालक ने पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की। वाहन के दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कार को सीज कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया गया कि पुलिसकर्मी मीराशाह मेले में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक कार तेज गति से भीड़ के बीच से गुजरती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने कार को रोककर चालक से नाम-पता पूछा। चालक ने अपना नाम वैभव सिंह निवासी ओदार, थाना सिंधोरा बताया। पुलिस के अनुसार, कार को इतनी तेज और लापरवाही से चलाने का कारण पूछने पर चालक पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने लगा। उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति नशे में मिला। पुलिस ने दोनों से वाहन के कागजात मांगे, लेकिन चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संवाद