जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने लिया बाढ़ की स्थिति का जायजा
- फोटो : अमर उजाला
गंगा में जलस्तर बढ़ने से वरुणा के निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा उपत्पन्न हो गया है। लोगों की समस्या को देखते हुए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने मंडलायुक्त और डीएम के साथ नक्खी घाट क्षेत्र में राहत सामग्री का वितरण करते हुए बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
एनडीआरफ के कमांडेंट मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में बाढ़ संभावित इलाकों में बचाव उपकरणों के साथ टीम तैनात कर दी गई है। एनडीआरफ की टीम के द्वितीय कमान अधिकारी असीम उपाध्याय के नेतृत्व में वरुणा नदी में नक्खी घाट से लेकर पुराना पुल तक के निचले क्षेत्रों में चक्रमण कर लोगों को मदद का आश्वासन दिया गया। इस दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, डीएम कौशलराज शर्मा, एडीएम संजय कुमार मौजूद रहे।
पीएम के गोद लिए गांवों में प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह
- फोटो : अमर उजाला
प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को राज्यमंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोड़ के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए आदर्श गांव जयापुर, नागेपुर, परमपुर तथा ककरहिया का दौरा किया। यहां सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
आदर्श ग्राम सभा जयापुर में बड़े-बड़े उगे हुए घास को देख उन्होंने ग्राम वासियों से इसकी समुचित सफाई की अपील की। नागेपुर में उन्होंने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया और पौधरोपण के बाद भारत रत्न डॉ भीमराव आंबेडकर के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। ककरहिया में उन्होंने महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया।
प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सर्किट हाउस में एक जनपद एक उत्पाद योजना से जुड़े उद्यमियों से संवाद किया। सिल्क उत्पाद, लकड़ी के खिलौने, गुलाबी मीनाकारी से जुड़े उद्यमियों से बात की। इसी प्रकार उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के व्यवसायियों से उनके व्यापार के संबंध में जानकारी ली। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित होने के पश्चात रेहड़ी पटरी व्यवसायियों के जीवन स्तर में आए सुधार आदि के संबंध में उन्होंने विस्तार से वार्ता की। उन्होंने प्रधानमंत्री स्व निधि योजना के लाभार्थी कन्हैया पांडेय, सर्वेश सिंह एवं सौरभ कुमार विश्वकर्मा को 50-50 हजार रुपये का चेक दिया।