बीएचयू में तीन दिन 18 से 20 नवंबर तक एआई, मशीन लर्निंग की दुनिया में जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदाएं, खनिज और जल संसाधन के संरक्षण पर मंथन होगा। प्रदर्शनी स्टॉल में सर्वेक्षण, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस और जीपीएस के उपकरणों सहित हाईटेक भू-स्थानिक उत्पादों, सेवाओं और तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें देशभर के पर्यावरणविद् और वैज्ञानिक जुटेंगे। बीएचयू के विज्ञान संस्थान स्थित महामना हॉल में में 18 से 20 नवंबर तक रोज सुबह 11 बजे से कार्यक्रम होगा। मुख्य अतिथि सीएसआईआर राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान, एनआईओ, गोवा के निदेशक प्रो. सुनील कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि बीरबल साहनी पुराविज्ञान, संस्थान बीएसआईपी, लखनऊ के निदेशक प्रोफेसर महेश जी ठक्कर होंगे। अध्यक्षता बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी करेंगे। विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. संजय कुमार और विज्ञान संस्थान के संकाय प्रमुख प्रो. अरुण देव सिंह भी उद्घाटन समारोह को संबोधित करेंगे।