महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के यूजी और पीजी के छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को रोजगार संगम पोर्टल से जुड़कर जॉब सीकर बनने का मौका दिया गया है। इसके तहत पोर्टल पर स्नातक और स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों को पोर्टल पर पूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। इससे समय-समय पर आयोजित होने वाले कैंपस सेलेक्शन में शामिल होने के साथ ही छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
विश्वविद्यालय सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र की प्रमुख प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने विश्वविद्यालय के सभी संकायों और विभागों के अध्यक्ष से स्नातक अंतिम वर्ष, सेमेस्टर और स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराए जाने को कहा है। बताया कि श्रम एवं सेवायोजन विभाग की ओर से एकीकृत रोजगार संगम पोर्टल बनाया गया है। इस पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से पंजीकरण कराए जाने को कहा गया है। पोर्टल पर जॉब सीकर के रूप में विद्यार्थियों को अपना विवरण, प्रोफाइल भरने को कहा गया है। इसमें उन्हें हर जानकारी देनी होगी और फार्म में कोई भी कॉलम और विवरण नहीं छोड़ना होगा। विद्यार्थियों को इस बारे में विश्वविद्यालय की वेबसाइट से विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।