वाराणसी वन प्रभाग ने शुक्रवार को पौधरोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर ग्रीन चौपाल का आयोजन किया। ये कार्यक्रम बाबतपुर रेंज के वार और कुर गांवों में आयोजित किए गए। वाराणसी रेंज के डीह बाबा मंदिर, करसड़ा और डोमरी में भी चौपालें लगाई गईं। लोगों को वन विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और उनसे किसानों को होने वाले संभावित लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान आम बहार आपके द्वार अभियान के तहत आम के पौधों का वितरण किया गया। साथ ही विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी रोपे गए। डीएफओ निधि चौहान ने बताया कि नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने और हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया गया है।