वाराणसी। विभिन्न संगठनों के लोगों ने बनारस स्टेशन पर यात्री सुविधा में बढ़ोतरी की मांग को लेकर स्टेशन अधीक्षक अरुण कुमार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने बनारस स्टेशन पर अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन व ठहराव की मांग की।
विश्व हिंदू परिषद महानगर उपाध्यक्ष धीरज सिंह ने बताया कि बनारस स्टेशन पर दिल्ली और मुंबई रुट पर ट्रेनें कम हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए इस रूट पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जानी चाहिए। पूर्व पार्षद वरुण सिंह ने बनारस स्टेशन पर पटना सिकंदराबाद एक्सप्रेस, लिच्छवी, पवन, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों के ठहराव की मांग की। स्टेशन अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को मांग से अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर रेनु पटेल, अनीता तिवारी, प्रवेश पटेल, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।