कछवा रोड में मोदन सेन महाराज की जयंती मानते लोग। स्वयं
- फोटो : credit
कछवां रोड स्थित स्थानीय बाजार में बुधवार को मोदन सेन महाराज की जयंती मनाई गई। श्री कान्यकुब्ज वैश्य हलवाई मोदनवाल महासभा की सेवापुरी ब्लॉक इकाई की ओर से कार्यक्रम हुआ। इस दौरान समाज के लोगों ने महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्यापारी नेता एवं जिला पंचायत सदस्य के पूर्व प्रत्याशी प्रेमचंद जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि मोदनवाल समाज के लोगों ने छोटे-छोटे दुकानों से कारोबार शुरू किया। गांवों से निकलकर सड़क किनारे दुकानें लगाईं। चट्टी-चौराहों पर बाजार विकसित करने में भी समाज के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज ये छोटे बाजार बड़े व्यापारिक केंद्र बन चुके हैं। विशिष्ट अतिथि कछवां रोड युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष मोहन गुप्ता ने कहा कि मोदनवाल समाज के लोगों के हाथों से बने लड्डू, पेड़े और अन्य पकवान मंदिरों में भगवान को भोग के रूप में चढ़ाए जाते हैं। वहीं, समाजवादी व्यापार सभा के जिला उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने के साथ उनके बताए रास्ते पर चलना भी जरूरी है। संचालन अमरनाथ मोदनवाल ने किया। अध्यक्षता महासभा के राष्ट्रीय मंत्री कृष्णा मोदनवाल ने की। अंत में विष्णु मोदनवाल ने सभी के प्रति आभार जताया।