वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अमर उजाला समर्पण और सम्मान के तहत मरीजों की निशुल्क सेवा करने वाले 19 डॉक्टरों को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। उपमुख्यमंत्री ने डॉक्टरों के समर्पण और सेवा भाव को सराहा। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य के साथ सरकार काम कर रही है। इसमें डॉक्टरों की अहम भूमिका है। आम लोगों को बेहतर इलाज मिल सके, इसके लिए जिलेवार मेडिकल काॅलेज खोले जा रहे हैं। इससे इलाज की राह आसान होगी और चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता भी बढ़ेगी।
कैंटोनमेंट स्थित होटल क्लार्क्स में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रदेश की स्थिति पहले से (पूर्व की सरकारों के समय से) बहुत सुधरी है। अस्पतालों में निशुल्क इलाज, जांच के साथ ही टीकाकरण सहित अन्य सुविधाओं का भी लोगों को निशुल्क मिल रहा है। चिकित्सा के क्षेत्र में सरकार बेहतर काम कर रही है। वर्ष 2017 से पहले यूपी में केवल 17 मेडिकल कॉलेज थे। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस समय एक जिला एक मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है।
वर्तमान समय में 65 मेडिकल कॉलेज पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। इसमें 35 सरकारी और 30 निजी क्षेत्र में हैं। केवल 16 जिले बचे हैं, जहां जल्द ही मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण और शिलान्यास होना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानक के अनुसार सरकार मेडिकल कॉलेज, अस्पताल में काम कर रही है। सरकार ने यह निर्णय लिया है कि 157 नर्सिंग कॉलेज खोले जाएंगे। यूपी सरकार ने मिशन निरामया लागू किया है। इससे चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी। नर्सिंग कॉलेजों की ग्रेडिंग का निर्धारण भी कराया जा रहा है।
-
अस्पतालों में हर दिन 1.70 लाख मरीज करा रहे इलाज
स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सभी अस्पतालों में आने वाले मरीजों की सूची तैयार करवाई जा रही है। हर दिन 1.70 लाख मरीज अस्पतालों में आ रहे हैं। इसमें 12 हजार दुर्घटनाओं में घायल होने वाले होते हैं। इसके अलावा आठ हजार गंभीर बीमारी वाले मरीज आते हैं। पांच हजार ऑपरेशन हर दिन निशुल्क हो रहे हैं।
-
स्टेमी केयर योजना मरीजों की जान बचाने में सहायक
स्वास्थ्य मंत्री ने इस दौरान हृदय रोगियों के बेहतर इलाज के लिए शुरू की गई स्टेमी केयर योजना की भी सराहना की। कहा कि गोल्डन आवर में मरीजों की जान बचाने में यह सहायक है। वाराणसी पूर्वांचल में चिकित्सा का हब है। इसलिए यहां उच्चकोटि की सुविधा दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
-
इन चिकित्सकों मिला सम्मान
डाॅ. वरुण मौर्या, नेत्र रोग विशेषज्ञ, आईवा हॉस्पिटल रमईपट्टी मिर्जापुर
डॉ.एसके सिंह, हड्डी रोग विशेषज्ञ, एपेक्स हॉस्पिटल
डॉ. आलोक मौर्या, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट, खमरिया हॉस्पिटल, भदोही
डॉ. आशुतोष मिश्रा, शुगर रोग विशेषज्ञ, पैनेसिया मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, दुर्गाकुंड
डॉ. अभिषेक विक्रम सिंह, हृदय रोग व गैस्ट्रोलॉजी, इनफिनिटी केयर हॉस्पिटल, अर्दली बाजार
डॉ. स्नेहा गुप्ता, स्कीन, हेयर लेजर ट्रीटमेंट, एटॉमिक क्लीनिक सुंदरपुर
डॉ. हेमंत कुमार गुप्ता, पेट एवं लिवर रोग विशेषज्ञ, संवेदना हॉस्पिटल भेलूपुर
डॉ. एके कौशिक, ऑल डिपार्टमेंट एंड सर्जरी, पॉपुलर हॉस्पिटल, ककरमत्ता
डॉ. दिव्यांक पाठक, बाल रोग विशेषज्ञ, वात्सल्य सुपर स्पेशियलिटी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, अर्दली बाजार
डॉ. विकास जायसवाल, चेस्ट, एलर्जी, टीबी रोग विशेषज्ञ, लंगप्लस क्लीनिक, महमूरगंज
डॉ. शैली कुशवाहा, बांझपन एवं आईवीएफ विशेषज्ञ, ओम किलकारी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पहड़िया
डॉ. अविनाश चंद्र सिंह, शौर्य न्यूरोलॉजी सेंटर
डॉ. अक्षत अग्रवाल, अक्षत डायग्नोस्टिक्स
इनको भी मिला समर्पण सम्मान
डाॅ. संदीप चौधरी, सीएमओ
प्रो. सौरभ सिंह, प्रभारी ट्रॉमा सेंटर, आईएमएस बीएचयू
प्रो. ओमशंकर, विभागाध्यक्ष हृदय रोग विभाग, आईएमएस बीएचयू
प्रो. विजयनाथ मिश्र, विभागाध्यक्ष, न्यूरोलॉजी विभाग, आईएमएस बीएचयू
डॉ. मनीषा सिंह, प्रमुख अधीक्षक, जिला महिला अस्पताल, कबीरचौरा
-
आम जन की सेहत से जुड़ी समस्याओं को सरकार के नजर में लाने और इसके समाधान से लेकर विकास, शिक्षा, खेलकूद आदि के क्षेत्र में अमर उजाला ने प्रारंभ काल से विशिष्ट पहचान दिलाने का काम किया है। समर्पित भाव से मरीजों की सेवा करने वाले चिकित्सकों का सम्मान करने की पहल अति सराहनीय है। -ब्रजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, उत्तर प्रदेश