बसही भोजूबीर निवासी चंद्र प्रजापति शनिवार की शाम मोहनसराय में गेहूं के खेत में लहूलुहान पड़ा मिला। उसकी गर्दन से खून बह रहा था और समीप ही ब्लेड पड़ी हुई थी। खेत में घास काट रही महिलाओं के शोर मचाने पर स्थानीय लोग आए और पुलिस की मदद से चंद्र प्रजापति को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजवाया गया। नशे में धुत चंद्र प्रजापति कह रहा था कि हमने जमीन के विवाद में ब्लेड से अपना गला काट लिया है। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। पुलिस ने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धौरहरा की रहने वाली रिंकी यादव की तहरीर के आधार पर चौबेपुर थाने में पति और जेठ-जेठानी के खिलाफ मारपीट और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है। रिंकी यादव के अनुसार, वर्ष 2019 में उसकी शादी धौरहरा निवासी राजेंद्र कुमार यादव के साथ हुई थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार उसके पिता ने दहेज दिया था। शादी के कुछ समय बाद से पति राजेंद्र और जेठ-जेठानी पांच लाख रुपये मायके से मंगवाने के लिए प्रताड़ित करते हैं।