एलटी कॉलेज परिसर में पांच दिवसीय किशोरावस्था शिक्षा कार्यक्रम के तहत माध्यमिक के शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें शिक्षक किशोरावस्था में बच्चों की परेशानियां और उनके समाधान का पाठ सीख रहे हैं। इसके बाद इन्हीं शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर के तौर पर तैनाती दी जाएगी। सीटीई प्रभारी प्राचार्य डॉ. ऋचा जोशी ने बताया कि कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन में चल रहे इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण में प्रतिदिन 20 शिक्षकों के बैच को सिखाया जा रहा है। इसमें किशोरावस्था का परिचय, भारत में किशोरावस्था कि समस्याएं, रूढ़िवादी मान्यताएं, लैंगिक भेदभाव, नशा मुक्ति आदि शामिल हैं। डॉ. ऋचा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर तैयार करना है। इसमें वाराणसी मंडल के जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली तथा वाराणसी के पांच-पांच प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षक डॉ. सपना ने बताया कि बुधवार को शिक्षकों को रूढ़िवादी धारणाओं और भेदभाव को समझना और चुनौतियां देना विषयक लेक्चर पर प्रतिभागियों ने लघु नाटिका प्रस्तुत की। साथ ही पोस्टर के द्वारा थीम आधारित पिक्चर बनाकर उसे प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत किया गया। प्रशिक्षण का समापन शुक्रवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह की अध्यक्षता में होगा।