वाराणसी। कोरोना संक्रमण को लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एहतियातन नई गाइडलाइन जारी की है। अब विमान यात्रियों को यात्रा के दौरान मास्क लगाना अनिवार्य होगा।
मंगलवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से जारी नई गाइडलाइन के मुताबिक हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान मास्क को लगाना अनिवार्य होगा। साथ ही कोरोना गाइडलाइन को लेकर जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप ही यात्रा करने की बाध्यता होगी। यह व्यवस्था परिसर में कार्यरत कर्मचारियों के अलावा अन्य विभागों के लिए भी लागू होगा। नगर विमानन सुरक्षा निदेशालय की ओर से जारी नए आदेशों के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सभी एयरलाइंस और कर्मचारियों को गाइडलाइन का पालन करने को कहा। वहीं पूरे टर्मिनल बिल्डिंग को सैनिटाइज किया गया। विमानन कंपनियों ने अपने काउंटर पर सैनिटाइजर रखा और यात्रियों को मास्क भी दिया। एयरपोर्ट निदेशक अर्यमा सान्याल ने बताया कि मुख्यालय से कोरोना के चौथी लहर के संभावना से बचाव के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है, जिसे मंगलवार से लागू करा दिया गया है।