जिले मे गाय के गोबर से पेंट बनाने की योजना जल्द साकार होगी। सेवापुरी के भिटकुरी गांव में करीब 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इकाई के लिए 17 लाख की मशीनें बुधवार तक पहुंच जाएंगी। अगले महीने पेंट का निर्माण शुरू हो जाएगा।
अभी महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कुछ राज्यों में गोबर से पेंट बनाने का काम किया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत जिले में गोबर से पेंट बनाने वाली पहली इकाई लगाई जानी है। एनआरएलएम के जिला मिशन प्रबंधक विक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार तक मशीनें आ जाएंगी। मई के दूसरे सप्ताह में निर्माण का काम शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि यहां बनने वाले पेंट का नाम काशी प्रेरणा पेंट होगा। 20 फीसदी गोबर और 80 फीसदी केमिकल से एक दिन में 500 लीटर पेंट तैयार किया जाएगा। इससे युवाओं को रोजगार और पशुपालकों को गोबर बेचने का एक विकल्प मिलेगा। पेंट की मांग बढ़ने पर जिले में और इकाई लगाई जाएगी।