प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की टीम ने बस्ती मंडल को 14-8 के स्कोर से हरा दिया। अटैकर मानसी ने रनिंग शॉट से तीन गोल कर टीम को जीत दिलाई। चित्रकूट में बृहस्पतिवार से शुरू हुई प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में राष्ट्रीय खिलाड़ी वंशिका प्रजापति और मानसी यादव ने लेफ्ट विंग से लगातार हमले किए। शुरुआती कुछ मिनट में ही वाराणसी 3-0 से आगे हो गया था। बस्ती मंडल ने इसके बाद काउंटर अटैक के जरिये वापसी की कोशिश की, लेकिन वाराणसी की गोलकीपर सेजल सिंह उनके सामने चट्टान बनकर खड़ी रहीं। सेजल ने कई शानदार बचाव कर टीम की बढ़त कायम रखी। पहले हाफ की समाप्ति पर वाराणसी ने 8-4 की मजबूत बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में वाराणसी की ओर से रितिका प्रजापति और तनु विश्वकर्मा ने राइट विंग से आक्रमण की कमान संभाली। अंतिम सीटी बजने तक वाराणसी ने 14-8 से मुकाबला जीत लिया।