आवला नवमी पर्व में शामिल माहेश्वरी समाज की महिलाएं। स्वयं
माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से बुधवार को महमूरगंज स्थित बगीचे में आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान संगठन की महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और सौभाग्य की कामना की। पूजन के बाद भजन-कीर्तन हुआ। इसमें महिलाओं ने भक्ति गीतों और मंगल गीतों की प्रस्तुति दी। महिलाओं ने आंवले के वृक्ष के नीचे कलश स्थापित कर रोली, अक्षत, पुष्प और माला अर्पित की। वृक्ष की परिक्रमा कर भोग लगाया। इसके बाद सभी ने वृक्ष के नीचे बैठकर सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। समाज के प्रचार मंत्री गौरव राठी ने बताया कि आंवला नवमी को अक्षय नवमी भी कहा जाता है। कार्यक्रम में अलका बाहेती, प्रज्ञा बजाज, कंचन मारू, सुनीता राठी, भारती करवा, मंजू राठी, संगीता सोनी, राजश्री सोमानी, मधु राठी आदि मौजूद रहीं।