वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के अलईपुर में श्री भीम बाबा मठ की जमीन पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने जितेंद्र गिरी की तहरीर पर आरोपी राजन तिवारी, कमलेश सोनकर व तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। महंत जितेंद्र गिरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मठ की संपत्ति और माता शैलपुत्री देवी मंदिर के सामने की जमीन की जर्जर बाउंड्रीवॉल की मरम्मत करा रहे थे। कुछ लोगों ने काम रुकवा दिया। महंत का आरोप है कि सात जून को राजन उर्फ नेपाली, कमलेश सोनकर और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें धमकी दी कि निर्माण नहीं रोका गया तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आरोप है कि रात आठ बजे लोगों ने नव निर्मित बाउंड्रीवॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट की। साथ ही जमीन छोड़ने और पुलिस कार्रवाई पर जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद