लोकसभा चुनाव के नामांकन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का खाका कमिश्नरेट की पुलिस ने खींच लिया है। नामांकन स्थल की सुरक्षा त्रिस्तरीय रहेगी। निगरानी के लिए 85 सीसी कैमरों की मदद ली जाएगी। इसके अलावा 125 सिपाही-हेड कांस्टेबल, दरोगा-इंस्पेक्टर और एसीपी तैनात किए जाएंगे। भीड़ के बीच सादे कपड़ों में 30 महिला-पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन के दिन उनकी सुरक्षा के मानकों के अनुरूप अलग से व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में एडीसीपी वरुणा जोन सरवणन टी ने बताया कि पुलिस आयुक्त कार्यालय और कलेक्ट्रेट के मेन गेट तक ही प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों के वाहन आ सकेंगे। वहां से लगभग 100 मीटर की दूरी पैदल तय कर प्रत्याशी और उनके चार प्रस्तावक नामांकन कक्ष तक जाएंगे। आमजन पुलिस आयुक्त के कार्यालय आ-जा सकेंगे। जिन्हें कलेक्ट्रेट जाना होगा, वह उत्तरी गेट से आ-जा सकेंगे।