सकलडीहा तहसील के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर क्षेत्र के एक सपा नेत्री पर एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। वकीलों ने सपा नेत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव का पुतला फूंका। अधिवक्ताओं ने सपा नेत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने व कोतवाल को हटाने की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
डेमोक्रेटिक बार के अध्यक्ष मनोज पांडेय ने बताया कि तहसील के वरिष्ठ अधिवक्ता शिवकुमार प्रजापति शुक्रवार को दवा लेने जा रहे थे। कस्बा स्थित एक मंदिर के समीप चहनिया की ओर से आ रही सपा नेत्री की कार से उनके बाइक की टक्कर हो गई। इससे अधिवक्ता गिर गए। आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद सपा नेत्री अधिवक्ता के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंच गई।
इसकी जानकारी होरे पर तहसील के कई अधिवक्ता भी कोतवाली पहुंचकर सपा नेत्री के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत दी। इसके बाद भी कोतवाली पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। नाराज अधिवक्ताओं ने मामले में सपा नेत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान महामंत्री उपेंद्र नारायण सिंह, बार अध्यक्ष अंगद कुशवाहा, महामंत्री उमाशंकर, नितिन तिवारी, पंकज कुमार सिंह, राजेश्वर सिंह, दुर्गविजय सिंह मौजूद रहे।