वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के रविंद्रपुरी में चोरों ने एक घंटे के अंदर तीन कार के शीशे तोड़कर लैपटॉप, नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लिए। 10 सितंबर की शाम साढ़े 7 से साढ़े 8 बजे के बीच घटना हुई। चोरों ने मारुति ब्रेजा, एक अन्य कार और टाटा पंच को निशाना बनाया। गोरखपुर निवासी सत्येंद्र कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि ब्रेजा से कंपनी का लैपटॉप और अन्य सामान चोरी हुआ। एक अन्य गाड़ी से पांच हजार रुपये और एप्पल का चार्जर पार कर दिया। डॉक्टर चंद्रगुप्त सिंह की टाटा पंच से आईपैड, पोस्टमार्टम ड्यूटी के कागजात और एक बैग चुराया गया। इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि पीड़ित सत्येंद्र कुमार सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। अस्सी, रविंद्रपुरी, लंका, नगवा में आए दिन चोरी और उचक्कागिरी की वारदात हो रही है। पुलिस घटना के दो से तीन बाद प्राथमिकी दर्ज कर रही है। तुरंत शिकायत पर संज्ञान लिया जाए तो आरोपी जल्द पकड़ में आए। ब्यूरो