आईएमएस बीएचयू के हृदय रोग विभाग में प्रो. ओमशंकर की जगह प्रो. विकास अग्रवाल को अध्यक्ष बनाने के फैसले को बीएचयू प्रशासन को आखिर वापस लेना पड़ा। 55 दिन बाद बृहस्पतिवार को बीएचयू प्रशासन ने इसका आदेश जारी कर दिया। इसमें कहा गया है कि विभाग में प्रो. ओमशंकर ही अध्यक्ष रहेंगे।
बीएचयू अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का चौथा तल पूरा और पांचवां तल आधा हृदय रोग विभाग को आवंटित करने की मांग को लेकर प्रो. ओमशंकर ने 11 मई से 30 मई तक विभाग में अनशन किया था। अनशन के दौरान भी प्रो. ओमशंकर ने मरीजों को परामर्श दिया और सर्जरी वाली टीम का विभाग में अनशन स्थल से बैठकर ही मार्गदर्शन भी किया। 24 मई को विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक आदेश जारी कर विभाग में प्रो. ओमशंकर के अनुपलब्धता का हवाला देते हुए प्रो. विकास अग्रवाल को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी थी।
प्रो. ओमशंकर ने विश्वविद्यालय प्रशासन को एक पत्र लिखकर विभागाध्यक्ष पद से हटाने के आदेश को गलत बताया था और फैसले के खिलाफ अपील भी की थी। अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने 18 जुलाई को एक आदेश जारी कर अपने 24 मई के आदेश को वापस ले लिया है।
प्रो. ओमशंकर ने बताया कि नियमानुसार विभागाध्यक्ष पद के तीन साल का कार्यकाल 31 जुलाई को पूरा होना था। हालांकि 55 दिन तक विश्वविद्यालय प्रशासन ने पद से विमुक्त रखा। ऐसे में विभागाध्यक्ष पद का कार्यकाल अब 24 सितंबर को पूरा होगा। इसकी लिखित जानकारी भी विश्वविद्यालय प्रशासन को जल्द दी जाएगी।