वाराणसी। नीचीबाग के बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से बिना खाताधारकों को कार्ड दिए और अन्य तकनीकी तरीके से 19 बार में 1.89 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बैंक की शिकायत पर विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट वाराणसी की अदालत ने चौक पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना का आदेश दिया है। अदालत ने 15 दिन में एफआईआर की प्रति और अनुपालन आख्या पेश करने को कहा है। सहायक महाप्रबंधक आनंद लखमानी ने शाखा प्रबंधक विजय मुंडेला के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। बताया गया कि 5 और 6 अप्रैल को एटीएम ग्राहकों के खातों से संदिग्ध तरीके से रकम निकाली गई। पांच से छह अप्रैल के बीच अलग-अलग समय पर कुल 19 ट्रांजेक्शन किए गए। इनसे 1,89,000 रुपये की निकासी हुई। शिकायत में आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने दूसरे कार्ड और तरीकों का गलत इस्तेमाल कर रकम निकाली। बैंक प्रबंधन ने एटीएम की सीसीटीवी फुटेज और ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड भी जुटाए। फुटेज में टोपी पहने संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने की बात अदालत में रखी गई। शिकायत में सीआरओ, पावर सप्लाई और केबल से संबंधित तकनीकी तरीके से छेड़छाड़ की आशंका भी जताई गई। ब्यूरो