मिर्जामुराद। थाना क्षेत्र के गौर स्थित जल निगम परिसर में बुधवार सुबह संदिग्ध हाल में मजदूर का शव पानी की टंकी की सीढ़ी से रस्सी के सहारे लटकता मिला। मजदूर का पैर जमीन से छू रहा था। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फतेहपुर के कुसुंभी गांव निवासी राजीव कुमार सिंह (35) क्षेत्र के गौर गांव के जल निगम के पानी टंकी परिसर में बोरिंग का काम करते थे। जल निगम का ऑपरेटर मुन्ना मिश्रा ट्यूबवेल चालू करने पहुंचा था। इस दौरान देखा कि रस्सी के सहारे राजीव का शव लटका हुआ था। ऑपरेटर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रस्सी काटकर शव नीचे उतारा। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कुसुंभी के प्रधान को सूचना दी। राजीव दो भाईयों में बड़ा था। बोरिंग करने वाली मशीन में मजदूरी करता था। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।