वाराणसी। जिले के हॉट स्पॉट घोषित इलाकों में जो कोई भी छत पर पतंग उड़ाएगा या गलियों में क्रिकेट खेलेगा, वह कानूनी कार्रवाई की जद में आएगा। ड्रोन कैमरे की मदद से पुलिस की नजर सब पर है। यह चेतावनी शुक्रवार को पुलिस ने लाउड हेलर से हॉट स्पॉट इलाकों में दी। कोरोना पॉजिटिव लोगों के कारण हॉट स्पॉट घोषित मोहल्लों को सील कर पुलिस तैनात की गई है। साथ ही ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि रोजाना पुलिस की ओर से आगाह किया जाता है कि कोई अनावश्यक घर से बाहर न निकले और सभी लोग लॉक डाउन का पूरी तरह से पालन करें। हॉट स्पॉट मोहल्लों की निगरानी में तैनात पुलिसकर्मियों को भी स्वास्थ्य के संबंध में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए रोज आगाह किया जा रहा है।