जी-20 के तर्ज पर खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का होगा प्रचार-प्रसार
21 मई से खेल शुरू करने की तैयारी, होटल और आवास बुक करने में जुटे एक सप्ताह तक प्रतियोगिता में 403 खिलाड़ी और निर्णायक करेंगे शिरकत संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का प्रचार-प्रसार जी-20 के तर्ज पर स्कूल और विश्वविद्यालय में होगा। 21 मई से आयोजन की तैयारी है। आईआईटी बीएचयू में एक सप्ताह तक योग और कुश्ती प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सोमवार को मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। आयोजन, खिलाड़ियों के रहने खाने, आने-जाने का खाका तैयार किया गया। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की ओर से पहली बार वाराणसी में योग और कुश्ती प्रतियोगिता होगी। आईआईटी बीएचयू के दो मंजिला इंडोर बैडमिंटन हॉल को चुना गया है। तीन दिनों तक योग और इसके बाद कुश्ती होगी। अलग-अलग विश्वविद्यालयों के 96 योग और 240 खिलाड़ी कुश्ती में हिस्सा लेंगे। बीएचयू में समेस्टर परीक्षा होने के कारण खिलाड़ियों के लिए बीएचयू छात्रावास के कुछ कमरों के अलावा भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) के अतिथि गृह, बीएचयू के आसपास के होटल, काशी विद्यापीठ के छात्रावासों को वैकल्पिक रखा गया है।
विज्ञापन
200 स्वयंसेवक होंगे तैनात खिलाड़ियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों पर सहायता केंद्र बनाए जाएंगे। खेल विभाग की ओर से स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। खिलाड़ियों को खेल स्थल पर ले जाने के लिए रेलवे स्टेशनों पर ई बसें तैनात होंगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि खेलो इंडिया की ओर से निविदा जारी कर दी गई है। 200 से अधिक स्वयंसेवकों की व्यवस्था की गई है।
403 लोग करेंगे शिरकत योग के 96 (48 महिला और 48 पुरुष) 240 कुश्ती के (80 महिला और 160 पुरुष) खिलाड़ियों के अलावा योग के 19 कुश्ती के 48 सहायक कर्मचारी भी प्रतियोगिता में निर्णायक सहित अन्य भूमिका में शामिल होंगे।