खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में हिस्सा लेने बुधवार को 69 विश्वविद्यालयों के 243 में से 17 खिलाड़ी काशी पहुंचे। कुश्ती में पुरुष वर्ग के ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल में चार-चार और महिला वर्ग के दो भार वर्गों के पहलवान दो दिन पहले ही काशी पहुंच चुके हैं। वहीं, बुधवार को कुश्ती के लिए दो रिंग बनाने का काम जारी रहा। कुश्ती प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष पहलवानों का आठ भार वर्ग में मुकाबला होगा। वजन 25 मई से शुरू होगा। 26 मई को दोपहर तीन बजे से खिलाड़ियों की क्लीनिक, टेक्निकल कांफ्रेंस के बाद शाम पांच बजे से पहलवानों की पात्रता की जांच की जाएगी। 27 मई को फ्री स्टाइल के 57, 70, 79 और 97 किलो और ग्रीको रोमन में 60, 67, 77 व 82 किलो भार वर्ग के पहलवानों के बीच मुकाबला होगा। महिला वर्ग के 50 और 55 किलो भार वर्ग में भी मुकाबला होगा।
विज्ञापन
आईआईटी बीएचयू के रमेश श्रीनिवासन स्टूडेंट सेंटर के बैंडमिंटन हॉल में साढ़े तीन फीट का ऊंचा मंच तैयार किया गया है। इस पर कुश्ती के लिए दो रिंग बनेंगे। हॉल में कुल चार गेट हैं। एक को बंद किया गया है, जबकि तीन खोले गए हैं। एक दरवाजे से मुख्य अतिथियों का आगमन होगा। दूसरे दरवाजे से खिलाड़ी प्रवेश कर तीसरे से बाहर निकलेंगे। पहले तल पर खिलाड़ियों के वॉर्मअप के लिए दो रिंग तैयार किए गए है। जहां दो दिन से पहलवान अभ्यास कर रहे हैं। खिलाडियों और अन्य मेहमानों के भोजन के लिए आयोजन स्थल पर फूड कोर्ट का निर्माण किया गया है। पहले दिन बुधवार को 150 लोगों का भोजन तैयार किया गया।
अस्सी घाट पर लोगों को किया जागरूक खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को अस्सी घाट पर योग हुआ। इसमें खिलाड़ियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी हिस्सा लिया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आरपी सिंह, उप क्रीड़ा अधिकारी मंजूर आलम, प्रशिक्षक, वालंटियर्स, भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारी शामिल रहे।