दिल्ली के प्रगति मैदान में चल रहे 14 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में काशी की पारंपरिक कला और हुनर ने लोगों का दिल जीत लिया है। काशी के युवा और अनुभवी हस्तशिल्पियों द्वारा तैयार किए गए लकड़ी के खिलौने, शिल्प, हैंडमेड डेकोर और मिट्टी के बने आकर्षक मॉडल लोगों को खूब भा रहे हैं। खास बात यह है कि खिलौनों को विशेष सराहना मिल रही है। उनकी नाजुक कारीगरी और रंग-बिरंगी डिजाइन ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के खरीदाराें का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इस वर्ष काशी के कुल 29 हस्तशिल्पियों ने अपने-अपने उत्पादों के साथ स्टॉल लगाए हैं। काशी के हस्तशिल्पी रामेश्वर सिंह ने बताया कि मेले में आने वाले विदेशी काशी के स्टॉलों पर खरीदारी करते हुए यहां की कला से भी रूबरू हो रहे हैं।