वॉक रेस में ममता, स्टिपल चेज में रेबी और दौड़ में संगीता अव्वल
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। प्रदेश स्तरीय 30वीं ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता के 20 हजार मीटर वॉक रेस में ममता पाल, 10 हजार मीटर दौड़ में संगीता पाल और स्टिपल चेज में रेबी पाल अव्वल रहीं। इनके अलावा रोशनी यादव ने 100 मीटर दौड़ में और वर्षा वर्मा ने भाला फेंक में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
यूपी एथलेटिक्स संघ की ओर से लालपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल में रविवार को दो दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हुआ। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के एथलीटों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में प्रदीप यादव ने 20 हजार मीटर में तीसरा और 400 मीटर दौड़ में विमलेश यादव ने पांचवां स्थान हासिल किया। जिले बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया। इनमें संगीता पाल ने पांच हजार मीटर दौड़ में रजत और 10 हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। ममता ने 20 हजार मीटर वाॅक रेस में स्वर्ण प्राप्त किया। जबकि राेशनी को 100 और 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। भाला फेंक में वर्षा वर्मा ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। 100 मीटर बाधा दौड़ में ऐश्वर्या उपाध्याय ने पांचवां स्थान हासिल किया।