बाबा विश्वनाथ को मिले दान से कोरोना मरीजों को नया जीवन मिल रहा है। मंदिर के सेवादार कोविड मरीजों आक्सीजन, दवा और भोजन पहुंचाने में दिन रात लगे हैं।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की तरफ से दानदाताओं से प्राप्त चढ़ावे से कोरोना संकट काल में मानव सेवा की जा रही है। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि विश्वनाथ मंदिर में आए चढ़ावे के पैसों को कोरोना पीड़ितों के इलाज के लिए खर्च किया जा रहा है। दीनदयाल अस्पताल में लगे ऑक्सीजन प्लांट में दानदाता के अलावा जो भी अतिरिक्त खर्च आ रहा है, वह खर्च भी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास वहन करेगा। इसके अलावा कोरोना में इस्तमाल होने वाली दवाओं की किट, होमी भाभा कैंसर अस्पताल में मेडिकल उपकरण व बीएचयू में संविदा पर तीन कर्मचारी भी मंदिर की ओर से भेजे गए हैं।