प्रो. वंदना सिन्हा, प्रो. अशोक कुमार मिश्र
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी स्थित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाजकार्य विभाग में विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई निरंतर जारी है। विभागाध्यक्ष पद पर नियुक्ति निरस्त करने के बाद प्रो. वंदना सिन्हा को समाज कार्य संकाय के संकायाध्यक्ष और गांधी अध्ययन पद के निदेशक पद से भी हटा दिया गया है। वहीं वाणिज्य एवं प्रबंधशास्त्र संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार मिश्र को समाजकार्य संकाय का संकायाध्यक्ष एवं गांधी अध्ययनपीठ का निदेशक नियुक्त किया गया है।
कुलपति प्रो. एके त्यागी ने बताया कि राजभवन के आदेश पर समाजकार्य विभागाध्यक्ष पद पर प्रो. वंदना सिन्हा की नियुक्ति को निरस्त किया गया है। प्रो. वंदना सिन्हा और प्रो. एमएम वर्मा में वरीष्ठता का विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। प्रो. एमएम वर्मा ने इसकी शिकायत राजभवन से की थी और उसके बाद कुलाधिपति ने विभागाध्यक्ष पद पर नियुक्ति को निरस्त करने का आदेश दिया था।
राजभवन की संस्तुति पर जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद वरीष्ठता क्रम का निर्धारण किया जाएगा। कुलपति ने राजभवन को संकायाध्यक्षों के नाम राजभवन को भेज दिया है। कुलाधिपति द्वारा दो संकायाध्यक्षों के चयन के बाद कमेटी बनाकर मामले का निस्तारण किया जाएगा। समाज कार्य संकाय में 29 जनवरी 2021 को प्रो. वंदना सिन्हा को समाजकार्य विभाग का विभागाध्यक्ष बनाया गया था।