जमानिया। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए बिना मास्क के घरों से निकलने वालों का रविवार को पुलिस ने चालान किया। बावजूद इसके कुछ लोग अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहे हैं और मास्क नहीं लगा रहे हैं। इस कारण पुलिस को सख्ती भी करनी पड़ रही है। कोतवाल रविंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि कोरोना महामारी तेजी से पांव पसार रहा है और इससे बचाव के लिए दो गज की दूरी मास्क है जरूरी के फार्मूले को याद रखना होगा। बताया कि बिना मास्क के पहली बार पकड़े जाने पर एक हजार का चालान तथा दूसरी बार पकड़े जाने पर 10 हजार का चालान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बिना मतलब घर से बाहर निकले 22 मोटर साइकिल का चालान कर 11 हजार रुपये वसूले गए हैं। कई लोगों को कड़ी हिदायत देकर छोड़ा गया है और एक दर्जन से अधिक लोगों का बिना मास्क के चालान किया गया है। इस दौरान थानाध्यक्ष सुहवल योगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक देवेंद्र कुमार यादव, उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता, हेड कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह आदि पुलिस कर्मी चेकिंग अभियान में शामिल रहे।