गौराकला ग्राम पंचायत में गुरुवार सुबह शिवपाल (20) अपने घर के समीप नीम के पेड़ की डाल से लटका मिला। परिजनों ने शिवपाल की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शिवपाल के दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौराकला ग्राम पंचायत के अराजी नेवादी पुरवा निवासी वीरेंद्र राम के पांच बेटों में शिवपाल दूसरे नंबर का था। वह शटरिंग का काम करता था।
बुधवार रात शिवपाल अपने दो दोस्तों के साथ गया था। सुबह शिवपाल अपने घर के समीप नीम के पेड़ की डाल से फंदे से लटका मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौबेपुर थाने की पुलिस डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम के साथ मौके पर पहुंची। परिजनों ने आरोप लगाया कि शिवपाल की हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे फंदे से लटकाया गया है। इस संबंध में चौबेपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत की वजह स्पष्ट होने पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।