ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई की मौत के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर रही। कैंट रोडवेज, बनारस स्टेशन के अलावा मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में पुलिस ने गश्त की और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में गश्त बढ़ा दी गई। स्थानीय खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय करते हुए सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की भ्रामक या उकसाने वाली पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। बजरडीहा, मदनपुरा, आदमपुरा, जैतपुरा, मंडुवाडीह समेत अन्य इलाकों में पुलिस सक्रिय दिखी। हालांकि यहां किसी प्रकार का प्रदर्शन नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा को लेकर पुलिस ने गश्त की। कैंट स्टेशन पर आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में डॉग स्क्वायड के साथ सघन जांच अभियान चलाया गया।