समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज के साथ अन्याय और उत्पीड़न चरम पर है। ये बातें उन्होंने सपा की ओर से बृहस्पतिवार को अजगरा विधानसभा में आयोजित पीडीए जनपंचायत और जनसंवाद कार्यक्रम में कहीं। मोहावं चोलापुर स्थित लॉन में हुए कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि पिछड़े, दलित और वंचित समाज के लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक सोची-समझी नीति के तहत किया जा रहा है, ताकि पीडीए समाज के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि अब पीडीए समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा और अपने हक की लड़ाई मजबूती से लड़नी होगी। पीडीए की एकजुटता, जागरूकता और मजबूत संगठन ही सामाजिक न्याय की लड़ाई को निर्णायक दिशा देगा। कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ गांव-गांव पहुंचकर समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं विचारों को जनता तक पहुंचाएं। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने की। संचालन बाबूलाल यादव ने किया। कार्यक्रम में स्नातक एमएलसी आशुतोष सिंहा, पूर्व विधायक कैलाश नाथ सोनकर, संतोष यादव, मायाशंकर यादव, उमेश प्रधान, हारून अंसारी आदि मौजूद रहे।