वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र का मामला।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर (महेशपट्टी) गांव में चार दिन पूर्व जमीन विवाद को लेकर हुए मारपीट में घायल बुजुर्ग मुन्नीलाल (60) की उपचार के दौरान शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। वहीं, पुलिस ने इस मामले में वांछित महिला समेत सात आरोपियों को साधु कुटिया तिराहे से गिरफ्तार किया। न्यायालय ने सभी को जेल भेज दिया।
बुधवार को बेनीपुर (महेश पट्टी) गांव निवासी राजा दुबे व कमलेश मौर्य के बीच जमीन विवाद को लेकर जमकर लाठी डंडे चले थे। एक पक्ष से आशा देवी (48), राजा (28), गोविंदा (20), राधा (18), व दूसरे पक्ष से कमलेश मौर्य व मुन्नीलाल मौर्य समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जहां इलाज के दौरान मुन्नीलाल की घटना के चार दिन बाद बीएचयू स्थित ट्राॅमा सेंटर में मौत हो गई। थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में वांछित राजाराम दुबे, गोविंद दुबे, राधा राम दुबे, उत्कर्ष यादव, अंकित चौबे, अभिषेक मिश्रा व शुभ चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया गया। एहतियातन गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स के साथ ही पीएसी तैनात है।