जिमखाना के चेयरमैन प्रो. विजयनाथ मिश्र ने कहा कि मोबाइल का रेडिएशन कई गंभीर बीमारियों की जड़ है। इससे जितना दूर रहा जाए, वह सेहत के लिए उतना ही फायदेमंद होता है। बदलती जीवनशैली में मोबाइल से लोग एक पल भी नहीं दूर होना चाहते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए ही यह पहल की गई। मोबाइल हमेशा पास रखने से उससे जो रेडिएशन निकलता है, उससे ब्रेन कैंसर से लेकर डिप्रेशन, मानसिक रोग सहित कई बीमारियां होने का खतरा रहता है।
आईएमएस बीएचयू के रूईया मैदान पर लगा देश का पहला मोबाइल ट्री
- फोटो : अमर उजाला
आईएमएस बीएचयू के रूईया हॉस्टल के खेल मैदान में एक किनारे मोबाइल ट्री लगवाया गया। पेड़ के आकार में दिखने वाला मोबाइल ट्री आकर्षक है। इसे लोहे की मदद से बनाया गया है। हालांकि, रंगों के जरिये ट्री को हरा बनाने का प्रयास किया गया है। मोबाइल ट्री में कुल 24 बॉक्स लगाए गए हैं। इनमें विद्यार्थी अपने मोबाइल फोन को रख सकते हैं।
प्रो. विजयनाथ मिश्र के अनुसार, हर खाने में चार-चार मोबाइल रखने की सुविधा है। मतलब एक साथ 96 मोबाइल इस बॉक्स में रखे जा सकते हैं। संबंधित विद्यार्थी इसमें मोबाइल रखकर अपना ताला भी बंद कर सकते हैं। एक मोबाइल ट्री बनाने में करीब साढ़े आठ हजार रुपये खर्च हुए हैं। आने वाले दिनों में चार और मोबाइल ट्री बनाए जाएंगे।