बैठक के दौरान मौजूद कांग्रेसजन।
- फोटो : अमर उजाला
इंडी गठबंधन के कार्यकर्ताओं की समन्वय बैठक नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम में हुई। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। काशीवासियों से कहा कि छलावे में न जाएं। आज पूरे यूपी का पैसा गुजरात में जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बीते दस सालों में सभी धर्म और जातियों को लड़ाने का काम किया गया। इस दौरान सपा, कांग्रेस, आप, सीपीएम, सीपीआई के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे संग मिलकर रणनीति बनाई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे सपा के महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय के नामांकन में सभी कार्यकर्ता अपने अपने वार्डो से सौ-सौ की संख्या में साइकिल से बेनियाबाग पहुंचेंगे।
वहां से नामांकन स्थल रवाना होंगे। आपस में टोली बनाकर प्रचार प्रसार करें। बैठक का संचालन योगेंद्र यादव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने किया। उन्होंने आचार संहिता का पालन करने की हिदायत दी। यहां पहुंचे चुनाव अधिकारी ने नौ बजे के बाद कार्यक्रम बंद कराया। बैठक में अनिल श्रीवास्तव, बहादुर सिंह यादव, इस्तकबाल कुरैशी, पूजा यादव, रितेश केसरी, डॉ दिलशाद अहमद, राघवेंद्र चौबे, संतोष यादव आदि मौजूद रहे।