इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी शाखा की नई कार्यकारिणी की चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। अलग-अलग पदों पर चुनाव लड़ने के लिए 27 अगस्त से हर कार्य दिवस पर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक नामांकन फार्म प्राप्त किया जा सकेगा। दो सितंबर शाम पांच बजे चुनाव अधिकारी कार्यालय में नामांकन पत्र जमा होंगे। इस बार पूर्व अध्यक्ष डॉ. अरविंद सिंह को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि 1900 से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव कार्यालय के सूचना पट्ट पर छह सितंबर को वैध प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। आठ सितंबर शाम पांच बजे तक नाम वापसी और 11 सितंबर को प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। चुनाव अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार ही चुनाव कराया जाएगा।